मध्य प्रदेशरीवालोकसभा चुनाव 2024

Rewa News : स्कूलों की संकुल व्यवस्था होगी बंद, खुलेंगे एरिया एजुकेशन ऑफिस

रीवा. स्कूल शिक्षा विभाग प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। संकुल केन्द्रों की व्यवस्था को बंद करते हुए अब एरिया ऑफिस खोलने की तैयारी है। वहां से आसपास के स्कूलों की व्यवस्थाओं का सुपरविजन किया जाएगा। इस संबंध में आयुक्त लोक शिक्षण ने जिला शिक्षा अधिकारी से जिले की स्थिति से जुड़ी रिपोर्ट मांगी है। साथ ही कहा है कि एरिया एजुकेशन आफिस के स्थानों का निर्धारण करते हुए प्रस्ताव भेजा जाए। यह कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन स्तर से आदेश प्राप्त होते ही नए एरिया एजुकेशन आफिस की स्थापना के लिए स्थानों के चिन्हांकन की शुरुआत भी कर दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिलेभर से इसकी जानकारी मांगी है और हर ब्लाक के हिसाब से बैठकें आयोजित कर केन्द्रों के निर्धारण को अंतिम रूप दिया जाएगा।

स्कूलों के संचालन में क्लस्टर सिस्टम के तहत संकुल प्राचार्य को प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई थी। इस व्यवस्था से जिला शिक्षा कार्यालय का भार तो कम हुआ था लेकिन कई कमियां भी सामने आ रहीं थीं। इसके चलते अब सरकार ने नई व्यवस्था बनाने की शुरुआत कर दी है।

छह वर्ष पहले हुई थी परीक्षा, पोस्टिंग नहीं हुई

एरिया एजुकेशन आफिस की व्यवस्था को लेकर करीब छह वर्ष पहले भी सरकार के स्तर पर प्रयास किए गए थे। इसके लिए हर जिले में परीक्षा आयोजित की गई थी। प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों से लेकर हायर सेकंडरी के व्याख्याता तक शामिल हुए थे। बड़ी संख्या में ऐसे भी शिक्षक थे जो पोस्टिंग के इंतजार में सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं। अब बचे हुए पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षकों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

स्कूलों के संचालन में क्लस्टर सिस्टम के तहत संकुल प्राचार्य को प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई थी। इस व्यवस्था से जिला शिक्षा कार्यालय का भार तो कम हुआ था लेकिन कई कमियां भी सामने आ रहीं थीं। इसके चलते अब सरकार ने नई व्यवस्था बनाने की शुरुआत कर दी है।

40 से 50 स्कूलों की होगी निगरानी

एरिया एजुकेशन आफिस के कार्य क्षेत्र में 40 से 50 की संख्या में स्कूल आएंगे। इन स्कूलों से जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी वहां पर नियुक्त किए जाने वाले एरिया एजुकेशन आफिसर की होगी। पूर्व से संचालित हो रही व्यवस्था में विसंगतियां थीं। कुछ संकुल केन्द्रों में 20 से 25 स्कूलें हैं तो कुछ में 80 से ऊपर। इस विसंगति को भी समाप्त किया जाएगा। पूर्व की व्यवस्था में जहां पर 40-50 के बीच में ही स्कूलें हैं उन्हें यथावत रखा जा सकता है। नई व्यवस्था में दो लोगों पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। एक के पास अधिकार क्षेत्र के स्कूलों की प्रशासनिक व्यवस्था रहेगी तो दूसरे के पास अकादमिक जिम्मेदारी। पूर्व में हुई समीक्षा बैठकों में यह बात सामने आई थी कि अधिकांश हायर सेकंडरी स्कूलों को संकुल केन्द्र बनाया गया है, जहां के प्राचार्य अपने स्कूलों की शैक्षणिक निगरानी सही तरीके से नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए तय किया गया कि स्कूलों में पढ़ाई बेहतर रहे इस कारण प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अलग नियुक्तियां की जाएंगी।

संकुल की वर्तमान व्यवस्था में कुछ कमियां थीं, जिसके चलते कठिनाइयां होती रही हैं। इसलिए एरिया एजुकेशन आफिस प्रारंभ होंगे, जहां से अकादमिक और प्रशासनिक व्यवस्था देखने के लिए अलग नियुुक्तियां की जाएंगी। हमसे प्रस्ताव मांगा गया है, तैयारियां शुरू कर दी हैं।- गंगा प्रसाद उपाध्याय, डीइओ

Related Articles

Back to top button