मध्य प्रदेशराष्ट्रीय

MP News : राह चलते युवकों पर फायरिंग, एक की मौत, दूसरा घायल, जानिए क्यों हुई सरेआम गोलीबारी

मध्यप्रदेश के दतिया जिले में बुधवार देर रात एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। इस दौरान एक अन्य युवक गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं। घटना स्थानीय भटियारा मोहल्ला की है। युवक की हत्या पैसों के लेनदेन के विवाद में की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को रात करीब सवा ग्यारह बजे सुमित पुत्र बलवीर यादव (25)की गोली मार कर हत्या कर दी गई। इस दौरान उसके साथ खड़ा सुमित उर्फ बल्लू उर्फ बब्लू साहू(27) निवासी तलैया मोहल्ला गोली लगने से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए झांसी रैफर किया गया है। मृतक के भाई शिव यादव ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिव ने पुलिस को बताया है कि रात को वह और हर्ष यादव बाजार से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में मस्जिद के पास बरगद के पेड़ के नीचे भटियारा मोहल्ला में सुमित तथा उसका दोस्त सुमित साहू खड़े थे। इसी दौरान मोटर साइकल पर टिल्लू दुबे निवासी प_ापुरा, गोविंद पुत्र खुशीराम यादव निवासी प_ापुरा तथा दो अन्य व्यक्ति आए। मोटर साइकल को टिल्लू दुबे चला रहा था। शिव ने बताया कि आरोपी गोविंद यादव एवं उसके भाई का पैसों के लेनदेन का विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते गोविंद ने उसके भाई को जान से मारने की नीयत से कट्टे से गोली मार दी। उसे बचाने के लिए वह व सुमित साहू दौड़े तो टिल्लू दुबे ने कट्टा से सुमित को गोली मार दी। गोली सुमित साहू की पीठ में लगी। शोर सुनकर लोग मौके पर इक_ा हुए तो आरोपी मोटर साइकल क्रमांक एम पी 32 एमजे 5491 को घटना स्थल पर ही छोड़ कर भाग गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां सुमित यादव को मृत घोषित कर दिया गया तथा सुमित साहू को झांसी रैफर कर दिया गया।

पहले भी हुआ था विवाद
मृतक सुमित व आरोपी पक्ष के बीच कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था। इस संबंध में थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सुमित ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने मारपीट कर घर में घुसकर फायरिंग की। पुलिस ने मामला विवेचना में लिया है।

कुछ महीने पहले की थी शादी
बताया जाता है कि मृतक ने कुछ महीने पहले ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था। घटना में परिवार व मोहल्ले में शोक का माहौल है। मृतक अपने भाई के साथ रहता था। जबकि उसके माता-पिता इंदौर में रह कर काम करते हैं।

सोशल मीडिया पर लाइव होकर बताई घटना
फायरिंग में घायल हुआ युवक सुमित साहू तलैया मोहल्ला में ऑनलाइन की दुकान चलाता है। बताया जाता है कि घायल ने लाइव होकर घटनाक्रम के बारे में जानकारी सोशल मीडिया में शेयर की है।

Related Articles

Back to top button