इंदौरमध्य प्रदेश

जिंदा जला दी सात जिंदगियां : एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक की करतूत

इंदौर. सिरफिरे आशिक की करतूत से शहर के विजय नगर क्षेत्र की स्वर्णबाग कॉलोनी में जी प्लस 2 बिल्डिंग में शुक्रवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में सात लोग जिंदा जल गए। नौ लोग घायल हुए, जिनमें से पांच लोगों का उपचार किया गया। दो लोग आग से बचने के लिए बिल्डिंग से कूदकर गंभीर घायल हो गए। कुछ की मौत झुलसने तो कुछ की दम घुटने से हुई है। दोपहर तक पुलिस इसे हादसा मान रही थी, लेकिन सामने के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से हकीकत उजागर हुई। पुलिस ने आग लगाने वाले आरोपी संजय दीक्षित पर पहले 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने एकतरफा प्यार में लड़की को सबक सिखाने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक व्यक्त किया है। मोदी ने ट्वीट किया कि त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। वहीं सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा के साथ ही मामले की सख्त जांच के आदेश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button