भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी वेदा कृष्णामूर्ति और क्रिकेटर अर्जुन होयसला ने हाल ही में सगाई कर ली है। क्रिकेटा अर्जुन ने वेदा को शादी के लिए बिल्कुल फिल्मी अंदाज में प्रपोज किया। इसकी फोटो भी दोनों खिलाडिय़ों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं। बता दें कि अर्जुन एक फस्र्ट क्लास मैच खेल चुके हैं, इसके अलावा कर्नाटक प्रीमियर लीग में शिवोमोगा लायन्स की ओर से भी खेल मैदान में अपना हुनर दिखा चुके हैं। वहीं वेदा भारत की जानी-मानी महिला क्रिकेटर हैं।
बता दें कि वेदा मिडिल-ऑर्डर की बैटर हैं, इसके साथ ही वो लेगब्रेक गेंदबाजी भी अच्छी कर लेती हैं। भारत की ओर से वेदा ने 48 वनडे और 76 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। भारतीय महिला टीम में वेदा अपनी तेज बल्लेबाजी करने के लिए जानी जाती हैं। वेदा के खाते में अब तक 829 वनडे और 875 टी20 इंटरनेशनल रन दर्ज हैं। वेदा ने वनडे इंटरनेशनल में तीन विकेट भी लिए हैं। अपने शादी के लिए प्रपोजल के फोटो अर्जुन ने शेयर की हैं, जिसे वेदा ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। इस जोड़ी को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। लोग अपनी शुभकामनाओं से भरे कमेंट कर रहे हैं।