रीवामध्य प्रदेश

REWA NEWS: जल गंगा संवर्धन अभियान में तालाबों और कुओं का जीर्णोद्धार: तालाब, बावड़ियों व नदियों का गहरीकरण होगा

REWA NEWS: जिले भर में 5 जून से 16 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रीवा नगर निगम द्वारा नगर के प्रमुख तालाबों तथा बावडि़यों की साफ-सफाई एवं सुधार का कार्य किया जा रहा है। प्राचीन काल में कुंए और बावड़ी पेयजल के प्रमुख रुाोत थे। बावड़ी में संचित पानी के पास तक जाने के लिए सीढि़यों की सुविधा रहती है। इसमें मानव के अलावा अन्य जीव भी सहजता से पानी तक पहुंच जाते हैं। शहरीकरण और सीमेंटीकरण ने पुराने जल रुाोतों को लगभग भुला दिया है। नल और बोतल का पानी पीने वालों के लिए बावड़ी और कुएं केवल कल्पनाओं में हैं। आज भी हजारों बावड़ी ऐसी हैं जो जीव-जंतुओं और मानवों की पानी की आवश्यकता पूरी कर रही हैं।

  • जल की हर बूंद को संरक्षित करने का अभियान है जल गंगा संवर्धन अभियान – विधायक नरेन्द्र प्रजापति

विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति ने कहा है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा जल संरक्षण व जल संरचनाओं के संरक्षण के उद्देश्य से संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान बहुत ही महत्वाकांक्षी व उद्देश्यपरक अभियान है। इस अभियान के तहत जल संरचनाओं को चिन्हित कर उनमें वर्षा के जल का संचय करना है। मनगवां के सेंगरी नदी के तट पर आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शासन का प्रयास है कि वर्षा का जल व्यर्थ न बहने पाए और इसका बूंद-बूंद संचय हो जाए। इस कार्य में प्रशासन के साथ समुदाय को भी सशक्त भागीदारी करनी होगी। जल गंगा संवर्धन अभियान जल की हर बूंद को संरक्षित करने का अभियान है।

ऐतिहासिक अजब कुंवारी बावड़ी का किया जा रहा जीर्णोद्धार
रीवा शहर में भी कई ऐतिहासिक बावड़ी मौजूद हैं। तत्कालीन बांधवेश नरेशों द्वारा आमजनता के लिए इनका निर्माण कराया गया था। ऐसी ही अजब कुंवारी बावड़ी गुढ़ चौराहे के समीप बीएनपी स्कूल पीछे स्थित है। यह लगभग 350 वर्ष पुरानी है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम द्वारा जन भागीदारी से इसका जीर्णोद्धार किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल तथा आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने इस कार्य का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि बावड़ी की साफ-सफाई कराकर इसमें जल संरक्षण और संवर्धन की उचित व्यवस्था करें।

गहरीकरण के साथ कुबेर तालाब का सौन्दर्यीकरण कराएं – कलेक्टर
शहर के अनंतपुर मोहल्ले में स्थित कुबेर तालाब की साफ-सफाई तथा गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने निर्माण कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि कुबेर तालाब में अभी भी पर्याप्त पानी उपलब्ध है। इस तालाब में गंदे पानी की आवक न होने से यह साफ-सुथरा है। तालाब के गहरीकरण के साथ-साथ इसका सौंदर्यीकरण कराएं। इसकी मेड़ पर सुंदर तथा बड़े पौधे रोपित करें। वर्तमान में जो वृक्ष लगे हुए हैं उनके नीचे आमजनता के बैठने के लिए सीटें लगवा दें। इसकी मेड़ पर सुंदर पाथवे बना दें जिसमें सुबह और शाम लोगों को टहलने की सुविधा मिल सके।

कलेक्टर ने कहा कि तालाब से लगभग 50 मीटर दूर जल संसाधन विभाग की नहर है। विभाग से अनुमति लेकर नगर निगम तालाब में अतिरिक्त पानी की आवक के लिए इसे नहर से जोड़ दे, जिससे गर्मियों में भी तालाब भरा रहे। इसे कमल तथा अन्य जलीय पुष्प भी लगाए जा सकते हैं। मौके पर उपस्थित आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन ने बताया कि कुबेर तालाब का कुल क्षेत्रफल 14 एकड़ है। इसमें से 10 एकड़ क्षेत्र में तालाब का निर्माण किया गया है। तालाब का गहरी करण और गाद निकालने का कार्य किया जा रहा है। इसके गहरी करण तथा सौंदर्यीकरण के लिए 53 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है। तालाब के सुधार का कार्य 15 दिवस में पूरा हो जाएगा। तालाब के जल ग्रहण क्षेत्र में कुछ अतिक्रमण है जिसे हटाकर पानी के आवक की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

 

Surendra Tiwari

I am Surendra Tiwari, Editor of the Vindhya Bhaskar. I am writing on Automobile and Tech Content from Last 5 years.

Related Articles

Back to top button