प्रताप मुझे चैन से जीने नहीं देता, स्टेटस लिखकर नाबालिग लड़की ने लगा ली फांसी
मध्य प्रदेश में उज्जैन जिले में एक नाबालिग लड़की ने मनचले से तंग आकर फांसी लगा ली है। 17 साल की इस किशोरी ने बुधवार की रात करीब 3 बजे रसोईघर में आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने अपने मोबाइल पर स्टेटस में लिखा- मैं सुसाइड कर रही हूँ इसमें मेरे घर वालों की कोई दोष नहीं है प्रताप नाम का एक लड़का मुझे परेशान करता था, जिससे मैं अब जीना नहीं चाहती हूं और मेरे मरने के बाद उसे सजा दिलवाना, क्योंकि वह मुझे चैन से जीने नहीं दे रहा है। पुलिस ने प्रकारण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लड़की की हो चुकी थी सगाई
चार माह पहले ही लड़की की सगाई हो चुकी थी। लड़की के पिता ने बताया कि हम सब खाना खाकर साथ एक रूम में सोए हुए थे। जब रात 3 बजे इसकी मम्मी उठी तो देखा कि चांदनी फांसी पर लटकी हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 2 साल पहले से प्रताप मेरी लड़की के पीछे पड़ा हुआ था। लड़की को वह परेशान कर रहा था जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है।
दुपट्टे से लगाई फांसी
बताया जा रहा है कि लड़की ने अपने ही दुपट्टे से फांसी लगाई थी। आत्महत्या से पहले युवती ने सोशल मीडिया पर एक लड़के द्वारा परेशान किए जाने की बात लिखी है। गुरुवार को उसका पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस अब इस मामले में अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।