संस्कार के बिना शिक्षा सुगंधहीन पुष्प की तरह होती है: Deputy Chief Minister Rajendra Shukla
अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यलाय विन्ध्य में शिक्षा की अलख जगा रहा है - राज्यपाल
रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह पंडित शंभुनाथ सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की। समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शिक्षा विकास का आधार है। युवा अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के साथ जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें। अपना भविष्य संवारने के साथ समाज और देश के प्रति अपना कत्र्तव्य भी निभाएं। संस्कार के बिना शिक्षा सुगंधहीन पुष्प की तरह होती है।
शिक्षा तथा ऊंची सफलता प्राप्त करने के साथ हम संवेदनशील बनें। जब विद्यार्थी, शिक्षक, राजनेता, डॉक्टर, इंजीनियर और हर क्षेत्र के प्रमुख लोग देश तथा गरीबों के प्रति संवेदनशील होंगे तभी देश विश्वगुरू बनने के लिए मजबूती से आगे बढ़ेगा। सत्ता के शीर्ष में बैठे हुए व्यक्ति की संवेदनशीलता से ही विकसित भारत संकल्प यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। जिनसे गरीबों तथा विकास के दौड़ में पीछे छूट गए व्यक्तियों का कल्याण हो रहा है।
समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि दीक्षांत का अर्थ शिक्षा का अंत नहीं है। शिक्षा जीवन भर प्राप्त होती है। विद्यार्थियों को आज शपथ दीक्षांत समारोह में दिलाई गई है उसका पालन करते हुए देश के विकास में योगदान दें। जरूरतमंद को शिक्षा में सहयोग देकर भी युवा अपना कत्र्तव्य निभाएं। समारोह में कुलपति राजकुमार आचार्य ने अतिथियों का स्वागत किया।
उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रमुख गतिविधियों की भी जानकारी दी। समारोह में कला, विज्ञान, कम्प्यूटर साइंस, व्यावसायिक अर्थशास्त्र, विधि सहित विभिन्न विषयों के उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को उपाधि तथा पदक प्रदान किए गए।