मध्य प्रदेश

जनपद सदस्य के बेटे का अपहरण, विधायक सहित दो के खिलाफ एफआईआर

मुरैना. जौरा थाना पुलिस ने सुमावली से कांग्रेस के विधायक अजब सिंह कुशवाह और जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह गांधी के खिलाफ नव निर्वाचित जनपद पंचायत सदस्य के बेटे को अपहरण कर ले जाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। जनपद पंचायत सदस्य संपतिया कुशवाह के बेटे दीवान (30) पुत्र परिमाल सिंह कुशवाह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। दीवान ने अपने चाचा आदिराम कुशवाह के साथ जौरा थाने पहुंचकर रविवार की रात 9 बजे से एफआईआर दर्ज करवाई है। घटना शनिवार को रात करीब 10 बजे की है।

अध्यक्ष की तैयारी में नेता दबाव बना रहे
दीवान ने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई को रात करीब 10 बजे की बात है मेरे घर के बाहर एक सफेद स्कार्पियो गाड़ी से सुमावली विधायक अजब सिंह कुशवाह विधायक एवं मानवेन्द सिंह सिकरवार के साथ अन्य दो लोग आए और उसके छोटे भाई दरोगा कुशवाह को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए। दीवान के अनुसार उसकी माताजी संपतिया कुशवाह जनपद सदस्य जौरा का चुनाव जीती हैं। अध्यक्ष की तैयारी में नेता दबाव बना रहे हैं। इसी राजनीतिक रंजिश के चलते उसके भाई को उठाकर ले गए हैं। उसका अब तक पता नहीं चला है। किसी अज्ञात स्थान पर उनको कैद करके रखा हुआ है। घटना को लेकर सुमावली विधायक अजब सिंह कुशवाह एवं मानवेंद्र सिंह सिकरवार सहित चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। विधायक कुशवाह एवं मानवेंद्र से संपर्क करने का प्रयास किया तो दोनों ने कॉल रिसीव नहीं किया है।

Related Articles

Back to top button