रीवा

डिटी सीएम शुक्ला बोले-विंध्य में धार्मिक, वाइल्डलाइफ और पर्यटन की असीम संभावनाएं

विंध्य को हिंदुस्तान का सबसे बेहतर और समृद्धशाली क्षेत्र बनाने का लिया संकल्प

चित्रकूट की पावन धरती पर जहां श्रीराम के चरण पड़े, वहां की धरती पर बहुमूल्य खनिज, लाइमस्टोन, हीरे जवाहरात, जैसी संपदा मौजूद है। कल नर्मदा घाटी विकास के अधिकारियों के साथ बरगी की नहर को मैहर सतना लाने के प्रयासों की समीक्षा बैठक हुई है। नर्मदा का पानी मंदाकिनी नदी तक सीधा नहीं ला सकते, बांध बनाकर नर्मदा नदी का जल पयश्वनी नदी तक छोड़ा जाएगा, फिर पयश्वनी के पानी से मां मंदाकिनी को सदानीरा बनाया जाएगा।

मील का पत्थर साबित होगा विद्यापीठ: नयागांव में नवनिर्मित प्रियंबदा बिड़ला वैदिक एवं संस्कृत विद्यालय भवन के लोकार्पण अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट की पवित्र धार्मिक नगरी में श्रीबलराम देशिक संस्कृत विद्यापीठ द्वारा संचालित प्रियंबदा बिड़ला वैदिक एवं संस्कृत विद्यालय हमारी संस्कृति और सनातन धर्म के संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा। आचार्य आश्रम के स्वामी बदरी प्रपन्नाचार्य ने भी संबोधित किया। विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, राज्यमंत्री उप्र चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिला भाजपा अध्यक्ष सतीश शर्मा, चित्रकूट विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भरत मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।

मां शारदा के दरबार में टेका माथा: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल शुक्रवार को सुबह मैहर पहुंचे और सपत्नीक मां शारदा देवी के दर्शन और पूजा अर्चना की। उनके मैहर आगमन पर रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक मनगवां नरेंद्र प्रजापति, पूर्व विधायक सेमरिया केपी त्रिपाठी, स्पीकर नगर निगम रीवा भी उपस्थित रहे। चित्रकूट पहुंच कर भगवान कामतानाथ स्वामी के दर्शन किए।

उप मुख्यमंत्री बनने के बाद रीवा पहुंचे, जगह-जगह हुआ स्वागत
उप मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार सतना पहुंचे राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जनता ने इतना बड़ा जनादेश जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दिया है। राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश को देश का विकसित और सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया है। विंध्य क्षेत्र को हिंदुस्तान का सबसे बेहतर और समृद्धशाली क्षेत्र बनाने का संकल्प भी पूरा होगा। चित्रकूट में शुक्रवार को वैदिक एवं संस्कृत विद्यापीठ के लोकार्पण अवसर पर उन्होंने राजनीति को परिभाषित भी किया। कहा, धैर्य और संयम के साथ अपने कर्तव्यों को पूरा करना ही राजनीति का मूल मंत्र है। डिप्टी सीएम शुक्ल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में धार्मिक, वाइल्डलाइफ, पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं।

विकसित भारत संकल्प यात्रा आज से
भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 16 दिसंबर को करेंगे। रीवा जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम सिरमौर चौराहा स्थित नवनिर्मित सब्जी मंडी परिसर में होना है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि होंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगा। प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो प्रसारण के माध्यम से अपराह्न 4 बजे फ्लैग आफ कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद जिले के लिए प्राप्त प्रचार वाहन रूट चार्ट के अनुसार, रवाना की जाएगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे। इस यात्रा के दौरान केन्द्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं, लाभों व सुविधाओं के बारे में जागरूक करने व समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना की पहुंच को सुगम बनाने का कार्य किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button