उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किया खेलों का वार्षिक कैलेंडर और शेड्यूल; रीवा में तीन खेलों की होंगी राज्य स्तरीय स्पर्धाएं, जुटेंगे खिलाड़ी

REWA NEWS:  उच्च शिक्षा विभाग ने खेलों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया है। इसमें कई संभागों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित कराने की जिमेदारी मिली है। इसमें रीवा संभाग को तीन राज्य स्तरीय स्पर्धाएं आयोजित करने की जिमेदारी सौंपी गई है। इन खेलों में प्रदेशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों में खिलाड़ी जुटेंगे। रीवा सहित सभी स्थानों को तैयारियां प्रारंभ करने के लिए कहा गया है।

इन स्थानों पर होंगी संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं
रीवा – खोखो, जूडो, कुश्ती।
भोपाल-बेडमिंटन, कबड्डी।
इंदौर – बास्केटबाल, एथलेटिक्स, पिटू।
ग्वालियर-भारोत्तोलन, शक्तिउत्तोलन, शरीर सौष्टव, वालीबाल।
जबलपुर-शतरंज, योग।
सागर – टेनिस, क्रिकेट।
उज्जैन- हॉकी, मलखंभ, शिक्षक कर्मचारी खेल।

खेलकूद मार्गदर्शिका जारी करते हुए कहा गया है कि इसके नियमों का पालन आयोजन के दौरान अनिवार्य रूप से किया जाए। कॉलेजों में अब प्रवेश की प्रक्रिया भी रोकी गई है और कहा गया है कि पढ़ाई के साथ ही अन्य वार्षिक गतिविधियां शुरू की जाएं। इसके लिए सभी निर्धारित अवधि में पूरे करने की बात कही गई है। अतिरिक्त संचालक के माध्यम से सभी जिलों का प्रतिवेदन उच्च शिक्षा के प्रदेश मुयालय में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। महाविद्यालयीन स्तर पर खिलाडियों का चयन प्रतिस्पर्धा के आधार पर किए जाने के लिए कहा गया है। यदि किसी खिलाड़ी द्वारा चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाया जाता है तो इस पर संबंधित चयनकर्ताओं की जिमेदारी होगी और उनसे जवाब भी पूछा जाएगा। इस कारण कहा गया है कि खिलाडियों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए ताकि बाद में कोई समस्या नहीं आए।

18 से प्रतियोगिताएं

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी खेल कैलेंडर के मुताबिक 18 सितंबर से कालेज स्तर पर चयन के लिए प्रतियोगिताएं प्रारंभ की जाएंगी। पहले महाविद्यालय स्तर पर चयन होगा, फिर जिला और संभाग के लिए खिलाड़ी चयनित किए जाएंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का नाम चयनित किया जाएगा। छात्रों के बाद कर्मचारियों और शिक्षकों की प्रतियोगिताएं भी होंगी। यह तीन फरवरी से लेकर 28 तक चलेंगी।

नवंबर में होंगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं अलग-अलग समय पर आयोजित की जाएंगी। रीवा में तीनों खेलों खोखो, जूडो एवं कुश्ती की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं नवंबर में होंगी। जिसमें जूडो सात से नौ नवंबर, कुश्ती 18 से 20 नवंबर, खोखो महिला दो से चार दिसंबर एवं खोखो पुरुष पांच से आठ दिसंबर के मध्य खेले जाएंगे। राज्य स्तरीय आयोजन होने से तैयारियां भी उसी हिसाब से करने के लिए कहा गया है। सभी संभागों से टीमें आएंगी, जिनमें खिलाडियों के साथ ही उनके कोच एवं अन्य भी मौजूद रहेंगे।

वार्षिक खेल कैलेंडर जारी हो गए हैं। इसमें कॉलेज स्तर से लेकर राज्य स्तर तक की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई है। रीवा संभाग को तीन खेलों का राज्य स्तरीय आयोजन करने की जिमेदारी मिली है। इसकी तैयारियां शुरू की जा रही हैं। डॉ. आरपी सिंह, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा