Special on Teachers’ Day: नौ सेनाध्यक्ष और थल सेनाध्यक्ष देने वाला प्रदेश का गौरव है सैनिक स्कूल रीवा

By Surendra Tiwari

Published on:

Special on Teachers’ Day: रीवा मध्यप्रदेश के रीवा सैनिक स्कूल में ऐसे दो सपूतों ने शिक्षा प्राप्त की है जो अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश के नौ सेना तथा थल सेना की कमान संभाल रहे हैं। संभवतः रीवा सैनिक स्कूल देश का एक मात्र स्कूल होगा जिसके दो विद्यार्थी एक साथ देश के सेनाध्यक्ष का पदभार संभाल रहे हैं। सुखद संयोग यह भी है कि दोनों अधिकारी सैनिक स्कूल में एक ही बैच के विद्यार्थी है। इस स्कूल में शिक्षा प्राप्त एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी 30 अप्रैल 2024 को भारतीय नौ सेना के अध्यक्ष बनाए गाए।

  • शिक्षक दिवस पर विशेष
  • सुखद संयोग यह भी कि दोनों अधिकारी सैनिक स्कूल में एक ही बैच के विद्यार्थी
  • नौ सेनाध्यक्ष और थल सेनाध्यक्ष देने वाला प्रदेश का गौरव है सैनिक स्कूल रीवा

सैनिक स्कूल रीवा के ही विद्यार्थी जनरल उपेन्द्र द्विवेदी 30 जून 2024 को थल सेनाध्यक्ष बनाए गए। अपने शानदार कैरियर से इन दोनों अधिकारियों ने भारतीय सेना में मध्यप्रदेश और विन्त्र्य का झण्डा बुलंद किया है। ऐसे दो अधिकारी देने वाला सैनिक स्कूल रीवा मध्यप्रदेश ही नहीं पूरे देश का गौरव है। सैनिक स्कूल के प्राचार्य ने बताया कि रीवा में 20 जुलाई 1962 को सैनिक स्कूल की स्थापना हुई। रीवा के तत्कालीन महाराजा मार्तण्ड सिंह ने सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए अपना युवराज भवन तथा 264 एकड़ जमीन प्रदान की।

रीवा में लेफ्टिनेंट कर्नल आरआर नारंग को सैनिक स्कूल का प्रथम प्राचार्य बनाया गया। नारंग के कठिन परिश्रम और लगन से सैनिक स्कूल ने आकार लेना शुरू किया। इसमें कक्षा पाँचवी से नवीं तक की कक्षाओं में 150 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। शुरूआत में सैनिक स्कूल में केवल बालकों को प्रवेश दिया जाता था। गत तीन वर्षों से इसमें बालिकाओं को भी प्रवेश दिया जा रहा है। सैनिक स्कूल परिसर में प्रशिक्षण के सभी संसाधन उपलब्ध है। विभिन्न खेलों के लिए यहाँ विकसित मैदान है। सैनिक स्कूल परिसर में लड़ाकू विमान और टैंक शोभा बढ़ा रहे हैं। सैनिक स्कूल में शिक्षा प्राप्त कई विद्यार्थी सेना, प्रशासन तथा अन्य क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्य कर रहे हैं।

नौ सेनाध्यक्ष
नौ सेनाध्यक्ष दिनेश कुमार त्रिपाठी का जन्म 15 मई 1964 को सतना जिले के महुडर ग्राम में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा गांव में प्राप्त करने के बाद त्रिपाठी ने 1973 में सैनिक स्कूल रीवा में प्रवेश लिया। त्रिपाठी 1981 में स्कूली शिक्षा पूरी करके नेशनल डिफेंस एकेडमी खडगवाराला पुणे में प्रवेश लिया। त्रिपाठी ने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कालेज वेलिंगटन में स्टाफ कोर्स पूरा किया, जिसमें उन्हें थिमैया पदक देकर सम्मानित किया गया। संयुक्त राज्य अमेरिका में नेवल वॉर कालेज में त्रिपाठी ने सैन्य विज्ञान की विशिष्ट शिक्षा प्राप्त की। त्रिपाठी एक जुलाई
1985 को भारतीय नौसेना मेंनियुक्त हुए। त्रिपाठी को सेना में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए परम विशिष्ट विशिष्ट सेवा मेडलए अति विशिष्ट सेवा मेडल तथा नौसेना मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।

थल सेनाध्यक्ष
थल सेनाध्यक्ष उपेन्द्र द्विवेदी का जन्म एक जुलाई 1964 को रीवा जिले के मुड़िला ग्राम में हुआ। द्विवेदी ने 1973 में सैनिक स्कूल रीवा में प्रवेश लिया। 1981 में स्कूली शिक्षा पूरी करके नेशनल डिफेंस एकेडमी खडगवासला पुणे में प्रवेश लिया। उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्हें 15 दिसम्बर 1984 को भारतीय सेना में पदस्थ किया गया। फिजिकल ट्रेनिग कोर्स में उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। द्विवेदी ने अमेरिका में यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी वॉर कालेज में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। द्विवेदी को 30 जून 2024 को थल सेनाध्यक्ष बनाया गया। थल सेनाध्यक्ष द्विवेदी को सेना में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल तथा अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।

Surendra Tiwari

I am Surendra Tiwari, Editor of the Vindhya Bhaskar. I am writing on Automobile and Tech Content from Last 5 years.