Sagar News : लुटेरी दुल्हन को पकड़ने पुलिस ने तैयार किया शादी का सेटअप, अभिनय कर युवती को मंडप तक बुलाया, जानिए कैसे झांसे में आया गिरोह
लुटेरी दुल्हनों के कारनामें तो आपने खूब सुने होंगे। इस तरह के मामले करीब-करीब पूरे प्रदेश में ही समाने आए हैं। जिसमें युवती दलाल के जरिए दूल्हे और उसके परिवार को झांसे में लेकर शादी का नाटक करती हैं। और फिर शादी के बाद घर का माल लेकर रफूचक्कर हो जाती हैं। पुलिस हन्हें पकड़े के लिए कई जतन कर रही थी लेकिन ये हाथ नहीं आ रही थीं। लेकिन इस बार जब पुलिस ने इन्हीं के स्टाइल में कोशिश की तो सफलता हाथ लग गई। यह कमाल कर दिखाया है सागर जिले के पुलिसकर्मियों ने जिन्होंने लुटेरी दुल्हन को पकडऩे के लिए पूरी शादी का सेटअप तैयार किया। जिसमें पुलिस ने अपने मुखबिर को दूल्हा बनाकर लुटेरी दुल्हन से शादी तय करवाई। नाटक असली लगे इसलिए एएसआईदूल्हे का पिता और टीआई दूल्हे के फूफा बने। शादी के लिए एक लाख रुपए में सौदा भी तय हो गया। अब आइए बताते हैं पूरी कहानी विस्तार से…
शादी के तीसरे दिन ही दुल्हन जेवरात व 50 हजार रुपए लेकर भाग गई
मामला सागर के जैसी नगर थाना का है। यहां 15 फरवरी 2022 को लक्ष्मण पुत्र नत्थू ठाकुर निवासी सरखड़ी ने थाने में शिकायत की थी। लक्ष्मण ने बताया कि दलाल के माध्यम से उसने ज्योति नाम की लड़की से शादी की थी। शादी के तीसरे दिन ही दुल्हन जेवरात व 50 हजार रुपए लेकर भाग गई। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। करीब एक हफ्ते पहले लुटेरी दुल्हन की लोकेशन भोपाल में मिली। फिर क्या था पुलिस ने उसे पकडऩे उसी के स्टाइल में चाल चली।
सबसे पहले दलाल को पकडऩे के लिए बिछाया जाल
सबसे पहले पुलिस ने दलाल को पकडऩे के लिए जाल बिछाया। जिस मुखबिर ने दलाल की जानकारी दी उसे पुलिस ने दूल्हा बनाकर शादी कराने की प्लानिंग तैयार की। एएसआई रामलखन पायक दूल्हे के पिता बने। कॉन्स्टेबल दुर्गेश सिलावट दूल्हे के भाई और एसएआई अभिषेक पटेल को ड्राइवर बनाया गया। खुद टीआई शशिकांत गुर्जर ने दूल्हे के फूफा का अभिनय किया। इसके बाद शुरू हुई शादी सेट करते की प्रक्रिया बाकायदा लड़की और लड़के को एक दूसरे को दिखाया गया, एक दूसरे को पसंद करते ही शादी तय हो गई वहीं पर दलाल को पांच हजार रुपए एडवांस भी दिया।
योजना के तहत मंदिर में शादी के लिए बुलाया
योजना के तहत गुरुवार को सागर के परेड मंदिर से शादी करने की बात तय हो गई। पुलिस दूल्हे के साथ बाराती बनकर मंदिर पहुंची। लुटेरी दुल्हन भी दलाल के साथ शादी करने के लिए भोपाल से सागर आई। मंदिर में शादी की रस्में भी शुरू हुईं। सब कुछ योजना के तहत चल रहा था दूल्हा वरमाला लाना भूल गया। फोन करने पर दूल्हा के फूफा बने थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर वरमाला लेकर शादी स्थल पर पहुंचे। यहां लुटेरी दुल्हन व दलाल को धरदबोचा। दोनों को पकड़कर थाने लाया गया।
मंडप से किया लुटेरी दुल्हन व दलाल को गिरफ्तर
मंडप से गिरफ्तार की गई लुटेरी दुल्हन का असली नाम रजनी अहिरवार (30) निवासी रहली है। उसका दलाल गुड्डू पटेल भी रहली का ही रहने वाला है। पुलिस दोनों आरोपियों ने पूछताछ कर रही है। आरोपी दुल्हन वर्तमान में भोपाल में रह रही थी। मामले में इंद्राज और राजू चौकीदार नाम के दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि इस लुटेरी दुल्हन ने पूरे प्रदेश में कई युवकों को शादी के नाम पर शिकार बनाकर ठगा है।