क्राइमराष्ट्रीय

टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का निधन

टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया है। अहमदाबाद हाईवे पर मुंबई से सटे पालघर में यह हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 54 साल के मिस्त्री की मर्सिडीज कार कासा के पास रोड डिवाइडर से टकराई थी। टक्कर के बाद मर्सिडीज के एयरबैग भी खुले, लेकिन मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। कार में कुल चार लोग सवार थे।

पुलिस ने मर्सिडीज कार में सवार लोगों की डीटेल जारी की है। इसके मुताबिक, एक्सीडेंट में साइरस मिस्त्री के साथ जहांगीर दिनशा पंडोले की भी जान चली गई है। वहीं, अनायता पंडोले (महिला) और दरीयस पंडोले घायल हुए हैं। अनायता पंडोले मुंबई में डॉक्टर हैं और हादसे का शिकार हुई मर्सिडीज कार को वही ड्राइव कर रही थीं। महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

अस्पताल में मिस्त्री को मृत घोषित किया गया
पालघर के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया- मिस्त्री जिस कार में सवार थे, उसका नंबर MH-47-AB-6705 है। एक्सीडेंट दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अहमदाबाद से मुंबई के रास्ते में सूर्या नदी के पुल पर हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाकी दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मिस्त्री समेत सभी घायलों को कासा के अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन वहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी दो घायलों का इलाज किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button